वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 30 जुलाई को लोकसभा में बजट 2024 पर जवाब देते हुए कहा कि हम सभी वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए काम करेंगे, बजट 2024 विकसित भारत की दिशा में पहला कदम है। वित्त मंत्री ने लोकसभा में कहा, “पूंजीगत व्यय ने हमें कोविड से बाहर आने में मदद की है। सार्वजनिक धन के माध्यम से पूंजीगत व्यय पर खर्च करने से परिणाम मिले हैं। कोविड के बाद, हमने लगातार उच्च विकास दर बनाए रखी है और हम दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाले देश हैं।”
बजट पर विपक्ष के सवालों के जवाब देते हुए वित्त मंत्री कहा, कुल 48.21 लाख करोड़ रुपये के व्यय में, 11.11 लाख करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय पर जाएंगे। बजटीय पूंजीगत व्यय अब कोविड से पहले 2019-2020 में पूंजीगत व्यय का लगभग 3.3 गुना है। प्रभावी पूंजीगत व्यय 2023-24 में 15.02 लाख करोड़ रुपये या 18% से अधिक है।” सीतारमण ने बिहार और आंध्र प्रदेश जैसे एनडीए सहयोगियों द्वारा संचालित राज्यों के प्रति बजट पक्षपातपूर्ण होने के आरोप पर विपक्ष पर हमला किया और कहा कि “किसी भी राज्य को कोई विशेष लाभ नहीं दिया गया है”।
सीतारमण ने कहा, “2004-05 के बजट में 17 राज्यों का नाम नहीं लिया गया था। मैं यूपीए सरकार के सदस्यों से पूछना चाहूंगी कि क्या उन 17 राज्यों को पैसा नहीं दिया गया। क्या उन्होंने इसे रोक दिया? अगर उन्होंने ऐसा किया, तो उन्हें यह पूछने का पूरा हक है। जब वे ऐसा करते हैं, तो सब ठीक है, लेकिन किसी और के लिए नहीं। 2005-06 में 18 राज्यों का नाम नहीं लिया गया, 2006-07 में 13 राज्यों का, 2008-09 में 13 राज्यों का, 2009-10 में 26 राज्यों का नाम नहीं लिया गया, यानी केवल 2 राज्यों का नाम लिया गया। उन्होंने कहा, शिक्षा और रोजगार के लिए 2013-14 में 0.85 लाख करोड़ आवंटित किए गए थे, जबकि आज यह 1.48 लाख करोड़ रुपये है, जो 23 प्रतिशत अधिक आवंटन है।”

