भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास द्वारा नई मौद्रिक नीति की घोषणा की गई है। केंद्रीय बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया है और रेपो रेट को 6.5 फीसदी पर बरकरार रखा है. एमपीसी में 6 में से 5 सदस्यों ने रेपो रेट न बदलने के पक्ष में वोट किया है. यह छठी बार है जब आरबीआई की एमपीसी कमेटी की बैठक में रेपो रेट को यथावत रखा गया है.
ब्याज दरों की समीक्षा के लिए आरबीआई एमपीसी की बैठक 6 फरवरी से 8 फरवरी तक हुई थी। इससे पहले दिसंबर 2023 में भी आरबीआई एमपीसी ने रेपो रेट 6.5 फीसदी पर बरकरार रखा था। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में जीडीपी ग्रोथ 7.3 फीसदी रहने का अनुमान है. वहीं वित्त वर्ष 2024-25 के लिए जीडीपी 7 फीसदी की दर से बढ़ सकती है। अगले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में जीडीपी ग्रोथ 7.2 फीसदी, दूसरी तिमाही में 6.8 फीसदी, तीसरी तिमाही में 7.0 फीसदी और चौथी तिमाही में 6.9 फीसदी रह सकती है.
आरबीआई गवर्नर ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से दिसंबर के बीच महंगाई दर 5.5 फीसदी रही है. पूरे चालू वित्त वर्ष के दौरान महंगाई दर 5.4 फीसदी रहने का अनुमान है. अगले वित्त वर्ष में महंगाई दर में कमी आने की संभावना है और यह 4.5 फीसदी पर रह सकती है. वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में महंगाई दर 5 फीसदी, दूसरी तिमाही में 4 फीसदी, तीसरी तिमाही में 4.6 फीसदी और चौथी तिमाही में 4.7 फीसदी रह सकती है.

