RBI ने एकबार फिर रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है और उसे 6.5 फीसदी पर स्थिर रखने का फैसला किया है. पिछले 18 महीने से रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है. भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता में 6 अगस्त से शुरू हुई आरबीआई मौद्रिक नीति समिति की बैठक का आज आखिरी दिन था. बैठक खत्म होने के बाद गवर्नर ने समिति के फैसलों का ऐलान किया. आरबीआई मौद्रिक नीति समिति के 6 में से 4 सदस्यों ने दरों में बदलाव न करने के पक्ष में फैसला लिया.
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि सतत विकास के लिए मूल्य स्थिरता जरूरी है. रेपो रेट के अलावा एमएसएफ, रिवर्स रेपो रेट और बैंक रेट को स्थिर रखने का ऐलान किया गया है. आपको बता दें कि मौजूदा एमएसएफ 6.75 फीसदी, रिवर्स रेपो रेट 3.35 फीसदी और बैंक रेट 6.75 फीसदी है. शक्तिकांत दास ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक 4 फीसदी की महंगाई दर के लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक विकास परिदृश्य सकारात्मक दिख रहा है लेकिन मध्यम अवधि का वैश्विक विकास परिदृश्य चुनौतीपूर्ण दिख रहा है।
आपको बता दें कि देशभर के विशेषज्ञ पहले से ही अनुमान लगा रहे थे कि आरबीआई इस बार भी रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं करेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि देश की मौजूदा खुदरा महंगाई दर उच्च स्तर पर है। जून में खुदरा महंगाई दर चार महीने के उच्चतम स्तर 5.08 फीसदी पर पहुंच गई थी। जब तक खुदरा महंगाई दर में कमी नहीं आती, रेपो रेट में कटौती की संभावना बहुत कम है।

