मुंबई: वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में पिछले पांच कारोबारी दिवस से तेजी पर बुधवार को विराम लग गया।कारोबार के अंतिम समय में निवेशकों की मुनाफावसूली से बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों में गिरावट दर्ज की गयी।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स बढ़त के साथ खुला लेकिन बाद में यह बिकवाली दबाव में आ गया। अंत में यह 345.51 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ 36,329.01 अंक पर बंद हुआ।
इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 93.90 अंक यानी 0.87 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,705.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबारियों के अनुसार डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट से भी बाजार धारणा पर असर पड़ा। सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक नुकसान में बजाज फाइनेंस रही। इस के शेयर में 4 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आयी।
इसके अलावा एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक, मारुति और इन्फोसिस में भी गिरावट दर्ज की गयी। दूसरी तरफ इंडसइंड बैंक, एसबीआई, एचयूएल, टाटा स्टील और आईटीसी के शेयर लाभ में रहे। कारोबारियों के अनुसार वैश्विक शेयर बाजारों में गिरावट का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा।

