अमेरिका से मिले मजबूत संकेतों के चलते सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को भारतीय शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत हुई है। करीब 300 अंकों की बढ़त के साथ खुलने वाला बीएसई सेंसेक्स अपनी बढ़त को दोगुना करते हुए 600 अंकों के पार पहुंच गया है, वहीं 100 अंकों की बढ़त के साथ खुलने वाला निफ्टी इस समय 180 अंकों के आंकड़े को पार कर गया है। इसके साथ ही निफ्टी एक बार फिर 25 हजार अंकों के पार पहुंचने में कामयाब रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक बढ़त थोड़ी कम हुई है और निफ्टी फिर से 25 हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे आ गया है।
भारतीय बाजार में यह तेजी वैश्विक बाजारों के अच्छे मूड के माहौल के चलते आई है। यूएस फेड के चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने ब्याज दरों में कटौती को हरी झंडी दे दी है। इसके चलते अमेरिकी बाजार में बड़ी तेजी देखने को मिली है। फेड के बाद भारत में भी आरबीआई दरों में कटौती का ऐलान कर सकता है। इसका असर आज बाजार पर देखने को मिलेगा। बाजार के जानकारों का कहना है कि शॉर्ट टर्म निवेशक आज आईटी और बैंकिंग शेयरों पर नजर रख सकते हैं। इनमें तेजी देखने को मिल सकती है।
शेयर बाजार मजबूत हुआ है। निफ्टी 158 अंक उछलकर 24982 के करीब पहुंच गया है। निफ्टी में शामिल एचडीएफसी बैंक, रिलायंस, टीसीएस, इंफोसिस और बजाज फिनसर्व में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। ये इंडेक्स को ऊपर ले जाने का काम कर रहे हैं। वहीं ग्रासिम, आईटीसी, अडानी पोर्ट्स में गिरावट देखने को मिल रही है।

