नई दिल्ली: कोरोनावायरस की वजह से देशभर में हुए लॉक टाउन के बीच मोबाइल फोन का नया कनेक्शन मिलना बंद हो गया है। दरअसल, इस समय मोबाइल फोन की दुकानें आवश्यक सेवा में नहीं आती हैं। इसलिए ये दुकानें बंद हैं। साथ ही बंद हो गया है नए कनेक्शन का मिलना, किसी एक कंपनी से दूसरे कंपनी में नंबर पोर्ट कराना और ब्रॉडबैंड का नया कनेक्शन जुड़ना।
मोबाइल कंपनी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि रिलायंस जिओ, भारती एयरटेल, वोडाफोन आइडिया, बीएसएनल, एमटीएनएल और कुछ अन्य मोबाइल सेवा प्रदाताओं से जुड़े स्टोर लॉकडाउन की शुरुआत से ही बंद हैं। इस वजह से वहां कोई काम नहीं हो पा रहा है।
टेलिकॉम कंपनियों से जुड़े स्टोर के बंद होने से कोरोना वायरस की वजह से रोजगार खोने वाले गरीबों को मिलने वाली सब्सिडी या अन्य लाभ भी प्रभावित हो सकती है। इस योजना के ढेर सारे लाभार्थी ऐसे हैं, जिनके पास अभी भी मोबाइल नंबर नहीं है। इसलिए इन तक सरकारी अधिकारियों की पहुंच बनाना कठिन है। कई सारी सब्सिडी की योजनाओं में सेल फोन पर लाभार्थी से कन्फर्मेशन लिया जाता है या उसका वेरिफिकेशन किया जाता है।
मोबाइल कंपनियों से जुड़े सूत्रों का कहना है कि देश में हर महीने करीब 25 लाख नए कनेक्शन लिए जाते हैं। यह काम लॉक डाउन की वजह से ठप हो गया है।

