नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश को आधुनिकता की तरफ तेज गति से ले जाने और आर्थिक वृद्धि में तेजी लाने के लिये ढांचागत क्षेत्र को एक नई दिशा देने की जरूरत बतायी। ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से 74वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘अब बुनियादी ढांचा क्षेत्र में अलग-थलग होकर काम करने के युग को समाप्त करने का समय आ गया है। इसके लिये पूरे देश को मल्टी मॉडल संपर्क ढांचागत सुविधा से जोड़ने की एक बहुत बड़ी योजना तैयार की गयी है।’’
उन्होंने कहा कि ये जरूरत नेशनल इन्फ्रास्ट्रक्चर पाइपलाइन प्रोजेक्ट (एनआईपी) से पूरी होगी। मोदी ने कहा, ‘‘इस पर देश 100 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों के लगभग 7000 परियोजनाओं को चिन्हित भी किया जा चुका है।’’ उन्होंने कहा कि आने वाले एक हजार दिन में देश के हर गांव को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा, ‘‘साल 2014 से पहले देश की सिर्फ 5 दर्जन पंचायतें ऑप्टिल फाइबर से जुड़ी थीं। बीते पांच साल में देश में डेढ़ लाख ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा गया है।’’ उन्होंने यह भी कहा कि देश में नई राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा रणनीति का मसौदा तैयार कर लिया गया है प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में मेक इन इंडिया के साथ ‘मेक फार वर्ल्ड’ (विश्व के लिए विनिर्माण) का नारा जोड़ा।

