नयी दिल्ली: कोयला खनन क्षेत्र की देश की सबसे बड़ी सरकारी कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड ने गत वित्त वर्ष की पहली छमाही की तुलना में चालू वित्त वर्ष की समान अवधि में ई-नीलामी के जरिये कोयला आवंटन में करीब 65 प्रतिशत की बढोतरी दर्ज की।
कंपनी ने आज यह जानकारी दी कि अप्रैल से 30 सितंबर के बीच ई-नीलामी की चार अलग-अलग व्यवस्थाओं के जरिये उसका कोयला आवंटन गत वित्त वर्ष की पहली छमाही के 2.51 करोड़ टन से करीब 65 प्रतिशत बढ़कर 30 सितंबर को समाप्त चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में 4.14 करोड़ टन हो गया। कोल इंडिया कच्चे काेयले की ई-नीलामी चार अलग व्यवस्थाओं के तहत करती है जिनमें हाजिर ई नीलामी, बिजली क्षेत्र के लिए विशेष अग्रिम ई नीलामी, गैर बिजली क्षेत्र के लिए विशेष ई नीलामी और विशेष हाजिर नीलामी शामिल हैं।

