नई दिल्ली: ग्लोबल क्रेडिट रेटिंग एजेंसी मूडीज इन्वेस्टर्स सर्विस ने कैलेंडर वर्ष 2020 में भारत की ग्रोथ रेट के अपने पहले के अनुमान को घटाकर 2.5 फीसदी कर दिया है। पहले उसने इसके 5.3 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था। कोरोना वायरस संकट को लेकर मूडीज का कहना है कि इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को बहुत बड़ा झटका लगेगा।
कारोना वायरस और उसके चलते देश-दुनिया में आवागमन पर रोक के मद्देनजर आर्थिक लागत बढ़ी और इसी वजह से देश की वृद्धि दर घटने का अनुमान है। मूडीज का वर्ष 2019 में देश की आर्थिक वृद्धि दर पांच फीसदी रहने का अनुमान है। मूडीज ने अपने ‘ग्लोबल मैक्रो आउटलुक 2020-21’ में कहा कि अनुमानित वृद्धि दर के हिसाब से भारत में 2020 में आय में तेज गिरावट हो सकती है। इससे 2021 में घरेलू मांग और आर्थिक स्थिति में सुधार की दर पहले से अधिक प्रभावित हो सकती है। एजेंसी ने कहा है, ‘भारत में बैंकों और गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों के पास नकद धन की भारी कमी के चलते भारत में कर्ज हासिल करने को लेकर पहले से ही बड़ी बाधा चल रही है।’
कोरोना वायरस के सामुदायिक फैलाव को रोकने के लिए इस हफ्ते की शुरुआत में भारत सरकार ने देश में 21 दिन के लॉकडाउन (सार्वजनिक पाबंदी) की घोषणा की। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के देश में अब तक 700 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं और 17 लोगों की मौत हो चुकी है। सार्वजनिक पाबंदी की वजह से कारोबार और कारखाने बंद हो गए हैं। लाखों की संख्या में अस्थायी कर्मचारी या दिहाड़ी मजूदरों की रोजी-रोजी छिन गई है। इसकी वजह से रेल, हवाई जहाज, बस सेवाएं इत्यादि सभी निलंबित हुई है।

