केंद्रीय बैंक द्वारा रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं करने से घरेलू शेयर बाजार में जोश बढ़ा और बाजार बढ़त के साथ बंद हुए. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी ने शुक्रवार के सत्र में पहली बार 21000 का स्तर छोटे हुए 21,006.10 अंक का उच्चतम स्तर बनाया। बाजार बंद होने के समय बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्क बीएसई 303.91 अंक उछलकर 69825.60 पर बंद हुआ। सत्र के दौरान सेंसेक्स 69,893.8 के अपने नए रिकॉर्ड स्तर पर भी पहुंचा। वहीं एनएसई का निफ्टी भी सत्र के अंत में 68.25 फीसदी की बढ़त के साथ 20969.40 के स्तर पर बंद हुआ.
निफ्टी 50 पर एलटीआई माइंडट्री, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस और अपोलो हॉस्पिटल शीर्ष लाभ में रहे जबकि अदानी एंटरप्राइजेज, आईटीसी, अदानी पोर्ट्स एंड एसईजेड, महिंद्रा एंड महिंद्रा और हीरो मोटोकॉर्प घाटे वाले शेयरों में शामिल थे। आज के कारोबार में आईटी, बैंकिंग, रियल्टी सेक्टर में खरीदारी देखी गई वहीँ FMCG, एनर्जी और फार्मा सेक्टर में कमजोरी देखी गई. केंद्रीय बैंक द्वारा जीडीपी वृद्धि का अनुमान बढ़ाए जाने के बाद आईसीआईसीआई और एचडीएफसी बैंक सहित बैंकिंग शेयरों में बढ़त से भी आज बाजार को समर्थन मिला। बता दें कि भारतीय रिजर्व बैंक ने मौद्रिक नीति समिति की बैठक में शुक्रवार को रेपो दर को 6.5 प्रतिशत पर बरकरार रखने का फैसला किया है.
कल की गिरावट के बाद आज सुबह बीएसई सेंसेक्स 146.37 अंक बढ़कर 69,652.25 अंक पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई का निफ्टी 45.40 अंक की बढ़त के साथ 20,946.55 अंक पर खुला। बता दें कि शेयर बाजारों में पिछले सात कारोबारी सत्रों से जारी तेजी का सिलसिला कल थम गया था और बीएसई सेंसेक्स 132 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ.

