आने वाले समय में भारत से मोबाइल फोन निर्यात पांच गुना से अधिक बढ़कर 50-60 अरब डॉलर हो जाएगा, ऐसा दावा केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया है. वैष्णव ने बुधवार को एक फिनटेक कार्यक्रम में कहा कि देश में बने मोबाइल फोन का निर्यात तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसके 50-60 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है. बता दें पिछले साल मोबाइल निर्यात करीब 11 अरब डॉलर का था।
वैष्णव ने कहा कि आने वाले दिनों में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में रोजगार भी मौजूदा 10 लाख के स्तर से बढ़कर 25 लाख हो जाएगा. उन्होंने कहा कि 10 साल पहले भारत 98 प्रतिशत मोबाइल फोन आयात करता था लेकिन आज लगभग 99 प्रतिशत फोन एक्सेसरीज भारत में बनती हैं। वैष्णव ने भारत की विकास गाथा पर प्रेजेंटेशन देते हुए यह बात कही.
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने यह भी कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में काम करने वाले लोगों की संख्या भी बढ़कर 25 लाख हो जाएगी. इसके साथ ही केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव कहा कि 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा जबकि साल 2014 में यह 11वें स्थान पर था. वैष्णव ने कहा कि वर्तमान में भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने के कारण रेलवे, राजमार्ग, हवाई अड्डों के क्षेत्र में विशाल बुनियादी ढांचे का निर्माण किया गया है।

