नई दिल्ली: आज प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक हुई, जिसमें कई बड़े फैसले लिए गए। कैबिनेट बैठक में देश के विभिन्न शहरों में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत बने छोटे फ्लैट को प्रवासी मजदूरों और गरीबों को किराये पर दिए जाने का फैसला लिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इसकी जानकारी दी।
सरकार की योजना के तहत देश के विभिन्न शहरों में सरकार की आर्थिक सहयोग से बने छोटे फ्लैट/आवास किराये पर दिया जाएगा। इस स्कीम पर 600 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत शुरुआत में तीन लाख लाभार्थियों को कवर किया जाएगा।
इसके अलावा कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के एग्री इंफ्रा फंड को मंजूरी मिली। गरीब कल्याण अन्न योजना को नवंबर तक के लिए बढ़ाने पर सबकी सहमति बनी। अभी तक इसे जून तक घोषित किया गया था लेकिन अब इसे बढ़ाकर नवंबर तक कर दिया गया है।

