नई दिल्ली: छोटे और मझोले कारोबारियों के संगठन कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने देश में कोरोना वायरस के वर्तमान हालात के मद्देनजर प्रधानमंत्री से आगामी 30 अप्रैल तक लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री को आज भेजे पत्र में कैट ने कहा है कि उन्होंने इस बारे में देश के सभी राज्यों के कारोबारियों से बात कर ली है।
संगठन ने कहा है कि सभी राज्यों के प्रमुख व्यापारी नेताओं के साथ किए गए एक सर्वेक्षण से निकली राय के आधार पर ‘स्वयं से पहले राष्ट्र’ का अनुसरण करते हुए प्रधानमंत्री से आग्रह किया गया है। इस राष्ट्रीय आपदा में वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यह उचित होगा की सरकार राष्ट्रीय लॉकडाउन की अवधि को 30 अप्रैल 2020 तक बढ़ाए। इससे कोरोना से प्रभावित होने वाले लोगों की संख्या पर काबू पाने में मदद मिलेगी।
कैट के महासचिव प्रवीन खंडेलवाल का कहना है कि घातक कोविड -19 मानवता के लिए एक बड़ी चुनौती है और दुनियाभर में सबसे समृद्ध राष्ट्रों में कोरोना ने भयंकर विनाश किया है। भारत में केंद्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों के सहयोग से सुनिश्चित किया है कि कोरोना नियंत्रण से बाहर न हो। हालांकि, नागरिकों के गैर-जिम्मेदार व्यवहार के कारण कोरोना वायरस का मामला दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।

