पिछले सप्ताह 10 सबसे मूल्यवान घरेलू फर्मों में से आठ का संयुक्त बाजार मूल्यांकन 2 लाख करोड़ रुपये घट गया, जिसमें व्यापक शेयर बाजार में मंदी के रुझान के अनुरूप रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे अधिक झटका लगा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फाइनेंस और आईटीसी के मूल्यांकन में संयुक्त रूप से 2,03,952.65 करोड़ रुपये की गिरावट आई, भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक लाभ में रहे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण (एमकैप) 67,526.54 करोड़ रुपये घटकर 16,46,822.12 करोड़ रुपये रह गया। टीसीएस का मूल्यांकन 34,950.72 करोड़ रुपये घटकर 14,22,903.37 करोड़ रुपये रह गया। एचडीएफसी बैंक का एमकैप 28,382.23 करोड़ रुपये घटकर 12,96,708.35 करोड़ रुपये रह गया और आईटीसी का 25,429.75 करोड़ रुपये घटकर 5,13,699.85 करोड़ रुपये रह गया। इंफोसिस का एमकैप 19,287.32 करोड़ रुपये घटकर 7,70,786.76 करोड़ रुपये रह गया और भारतीय स्टेट बैंक का एमकैप 13,431.55 करोड़ रुपये घटकर 6,44,357.57 करोड़ रुपये रह गया।
हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन 10,714.14 करोड़ रुपये घटकर 5,44,647 करोड़ रुपये और बजाज फाइनेंस का 4,230.4 करोड़ रुपये घटकर 5,20,082.42 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 22,426.2 करोड़ रुपये बढ़कर 9,78,631.54 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का 1,182.57 करोड़ रुपये बढ़कर 8,88,815.13 करोड़ रुपये हो गया।
शीर्ष 10 चार्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सबसे मूल्यवान कंपनी का खिताब बरकरार रखा, जिसके बाद टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फाइनेंस और आईटीसी का स्थान रहा।

