हुंडई, मर्सिडीज-बेंज, बीएमडब्ल्यू और ऑडी के बाद अब मारुति सुजुकी ने भी नए साल से अपने वाहनों की कीमत बढ़ाने का ऐलान किया है। मारुति सुजुकी ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में कहा है कि वह जनवरी से अपने सभी वाहनों की कीमतों में चार फीसदी तक की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी ने कहा कि कच्चे माल की बढ़ती लागत और परिचालन खर्च को देखते हुए कंपनी ने जनवरी 2025 से अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने की योजना बनाई है। सभी मॉडलों में बढ़ोतरी चार प्रतिशत तक रहने की उम्मीद है।
मारुति ब्रेजा की कीमत में 4 फीसदी की बढ़ोतरी करेगी तो इसकी कीमत में 32 से 35 हजार रुपये की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। Dzire की बात करें तो इसकी ex-showroom कीमत 6.79 लाख रुपये से शुरू होती है। इस पर 25 से 28 हजार का इज़ाफ़ा देखा जा सकता है। वहीं Grand Vitara की ex-showroom कीमत 10.87 लाख रुपये से शुरू होती है। इस तरह इसके दामों में 45 हजार तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
हालांकि कंपनी लगातार लागत को अनुकूलतम बनाने और अपने ग्राहकों पर पड़ने वाले असर को कम करने की कोशिश करती है, लेकिन बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा बाजार पर भी डालना पड़ सकता है। हुंडई मोटर इंडिया ने भी 1 जनवरी से अपने वाहनों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है। विभिन्न लग्जरी वाहन निर्माता कंपनियां मर्सिडीज-बेंज, बीएमडब्ल्यू और ऑडी ने भी अगले महीने से वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी करने की घोषणा की है।

