बेहतर वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में आज जोरदार तेजी देखने को मिली है। आज के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की शुरुआत सपाट रही, लेकिन बाद में इनमें तेजी आ गई। सेंसेक्स में करीब 550 अंकों की तेजी देखी गई है जबकि निफ्टी भी 22200 के ऊपर बंद हुआ है। आज कारोबार में ज्यादातर सेक्टर्स में खरीदारी रही।
बैंक शेयरों में बिकवाली और आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी रही. निफ्टी पर बैंक और वित्तीय सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। वहीं ऑटो, एफएमसीजी, आईटी, मेटल, फार्मा और रियल्टी इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। क्लोजिंग के वक्त सेंसेक्स में 535 अंकों की बढ़त थी और यह 73,158 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी 163 अंक बढ़कर 22218 के स्तर पर बंद हुआ.
टॉप गेनर्स में एचसीएलटेक, आईटीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टीसीएस, टेक महिंद्रा एलएंडटी शामिल हैं। जबकि टॉप लूजर्स में इंडसइंड बैंक, एचडीएफसीबैंक, कोटक बैंक, एसबीआई, एचयूएल शामिल हैं। प्रमुख एशियाई बाजारों में आज के कारोबार में खरीदारी देखने को मिली. वहीँ बुधवार को अमेरिकी बाजारों में मिलाजुला रुझान देखने को मिला. बुधवार को डाउ जोंस इंडस्ट्रियल 48 अंक बढ़कर 38612.24 के स्तर पर बंद हुआ। NASDAQ कंपोजिट करीब 50 अंक गिरकर 15580.87 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एसएंडपी 500 इंडेक्स 6 अंक बढ़कर 4981.80 के स्तर पर बंद हुआ।

