नई दिल्ली: अगर आप म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. शेयर मार्केट रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) ने इक्विटी म्यूचुअल फंड की खरीद और बिक्री का समय बदल दिया है. अब यह समय फिर से 3 बजे तक कर दिया गया है. इस नियम के बाद से निवेशकों को म्यूचुअल फंड खरीदने और बेचने के लिए अधिक समय मिलेगा. फिलहाल यह बदलाव आज से लागू हो रहा है. SEBI ने अप्रैल में कोरोना वायरस महामारी के कारण म्यूचुअल फंड यूनिट्स की खरीदी और बिक्री के लिए कट ऑफ टाइम को कम कर दिया था.
बता दें कि यह बदलाव सिर्फ इक्विटी म्यूचुअल फंड के लिए है. डेट म्यूचुअल फंड और हाइब्रिड म्यूचुअल फंड की खरीद बिक्री के समय में बदलाव नहीं किया गया है। म्यूचुकी ट्रेडिंग के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है. SEBI के इस फैसले की जानकारी देते हुए म्यूचुअल फंड को रेग्युलेट करने वाली संस्था एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड इन इंडिया (AMFI ) की ओर से भी ट्वीट किया गया है.
अब इक्विटी म्यूचुअल फंड की यूनिट को खरीदना हो या बेचना हो, दोनों के लिए 3 बजे तक का समय होगा. सभी स्कीम्स के सब्क्रिप्शन और रिडिम्पशन का कट ऑफ टाइम फिर से 3 बजे हो गया है. यह इक्विटी म्यूचुअल फंड की सभी स्कीम के लिए लागू होगा. लेकिन डेट स्कीम और हाइब्रिड फंड्स की ट्रेडिंग का समय पहले की तरह ही रहेगा. बता दें कि सेबी ने कुछ ही समय पहले कोरोना वायरस महामारी के कारण 3 बजे के समय को बदलकर 12.30 कर दिया था. लिक्विड और ओवरनाइट फंड की खरीद और बिक्री के लिए 12.30 से 1.30 तक का समय है. वहीं, डेट और हाइब्रिड फंड्स के लिए यह समय 1 बजे का है.

