नई दिल्ली: बीते हफ्ते देश की सबसे ज्यादा मूल्यवान 10 कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) बढ़ा है. इन कंपनियों के मार्केट कैप में पिछले हफ्ते संयुक्त रूप से 1,39,566.52 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ. इसमें सबसे ज्यादा फायदे में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस (TCS) और इन्फोसिस (Infosys) रहे. साप्ताहिक आधार पर देखें तो, बीते हफ्ते के दौरान बीएसई सेंसेक्स 882.40 अंक यानी 1.74 फीसदी मजबूत हुआ.
बीते शुक्रवार को खत्म हफ्ते के दौरान केवल दो कंपनियों, हिंदुस्तान यूनिलीवर और बजाज फाइनेंस के बाजार पूंजीकरण में गिरावट देखी गई. लाभ में रहने वाली कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 59,590.77 अंक उछलकर 13,28,049.94 करोड़ रुपये पहुंच गया.
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का एमकैप 23,562.96 करोड़ रुपये बढ़कर 11,63,018.74 करोड़ रुपये रहा, जबकि इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 21,395.27 करोड़ रुपये बढ़कर 5,98,604.10 करोड़ रुपये पहुंच गया. सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का बाजार पूंजीकरण 18,697.06 करोड़ रुपये बढ़कर 3,76,663.23 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक का एमकैप 8,435.06 करोड़ रुपये बढ़कर 3,56,849.67 करोड़ रुपये रहा.

