सेंसेक्स की टॉप 10 में 7 कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में बीते हफ्ते 1,15,898.82 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई. सबसे ज्यादा फायदे में रिलायंस इंडस्ट्रीज रही. बीते हफ्ते बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 677.17 अंक या 1.31 फीसदी के लाभ में रहा. समीक्षाधीन हफ्ते में रिलायंस इंडस्ट्रीज, HDFC बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, HDFC, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस और कोटक महिंद्रा बैंक के बाजार मूल्यांकन में इजाफा हुआ.
वहीं, दूसरी ओर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इन्फोसिस और ICICI बैंक के बाजार पूंजीकरण में गिरावट आई. हफ्ते के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 60,668.47 करोड़ रुपये बढ़कर 13,88,718.41 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. वहीं, बजाज फाइनेंस का मूल्यांकन 23,178.02 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 3,61,767.29 करोड़ रुपये रहा.
इसी तरह एचडीएफसी की बाजार हैसियत 14,521.98 करोड़ रुपये बढ़कर 4,72,940.60 करोड़ रुपये पर और भारतीय स्टेट बैंक की 10,307.93 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 3,86,971.16 करोड़ रुपये पर पहुंच गई. हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन 4,428.97 करोड़ रुपये बढ़कर 5,50,191.47 करोड़ रुपये रहा. वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक का मूल्यांकन 2,002.21 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 3,58,851.88 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. हफ्ते के दौरान एचडीएफसी बैंक ने 791.24 करोड़ रुपये जोड़े और उसकी बाजार हैसियत 8,28,341.24 करोड़ रुपये पर पहुंच गई.

