सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से चार के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 3,01,847.99 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ. इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 15 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया. समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 2,51,067.2 करोड़ रुपये बढ़कर 15,68,015.09 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. पिछले सप्ताह रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में अच्छी तेजी रही. इसका कारण इस तरह की खबरें हैं कि रिलायंस ने अपनी खुदरा इकाई की 40 फीसदी हिस्सेदारी अमेजन.कॉम को 20 अरब डॉलर में बेचने की पेशकश की है.
हालांकि, कंपनी ने इन खबरों को अटकलबाजी करार दिया है. इससे पहले बुधवार को कंपनी ने घोषणा की कि अमेरिकी की निजी इक्विटी कंपनी सिल्वर लेक पार्टनर्स रिलायंस की खुदरा इकाई में 1.75 फीसदी हिस्सेदारी 7,500 करोड़ रुपये में खरीदेगी.
सप्ताह के दौरान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इन्फोसिस के बाजार पूंजीकरण में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई. वहीं एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और आईटीसी का मार्केट कैप सामूहिक रूप से 54,801.02 करोड़ रुपये घट गया. समीक्षाधीन सप्ताह में टीसीएस का एमकैप 31,501.27 करोड़ रुपये बढ़कर 8,90,703.56 करोड़ रुपये पर, इन्फोसिस का 11,138.31 करोड़ रुपये बढ़कर 4,02,683.22 करोड़ रुपये पर और हिंदुस्तान यूनिलीवर का 8,141.21 करोड़ रुपये बढ़कर 5,07,327.93 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.

