नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई. इस बैठक में लुहारी हाइड्रोप्रोजेक्ट को मंजूरी, स्वास्थ्य सेवाओं में इजराइल और यूनाइटेड किंगडम से समझौते समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. कैबिनेट में लिए निर्णय की जानकरी आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने दी.
जावड़ेकर ने कहा, “आज प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में हिमाचल में लुहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट करने का निर्णय लिया गया. 210 मोगावाट बिजली का ये प्रोजेक्ट 1810 करोड़ रु. की लागत से बनेगा. इससे 775 करोड़ यूनिट बिजली हर साल मिलेगी.” उन्होंने कहा, “इससे करीब 2000 लोगों को अप्रत्यक्ष और प्रत्यक्ष रोज़गार के अवसर मिलेंगे. हिमाचल को 1140 करोड़ रु. की बिजली मुफ्त मिलेगी.”
प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, “भारत का इज़रायल के साथ हेल्थ और मेडिसिन, इंग्लैंड के साथ स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल प्रोडक्ट रेगुलेशन व टेलिकॉम्युनिकेशन और स्पेन के साथ एस्ट्रोनॉमी में वैज्ञानिक और तकनीकी सहयोग के संबंध में समझौता हुआ.”

