अगर आप LIC के बीमाधारक हैं, तो आपको उसके IPO में कमाई का बेहतर मौका मिल सकता है. ऐसा इसलिए क्योंकि LIC IPO इश्यू साइज का 10 फीसदी तक बीमाधारकों के लिए आरक्षित यानी रिजर्व रहेगा. वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को संसद में यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आईपीओ के बाद भी सरकार के पास बहुलांश हिस्सेदारी रहेगी और वह बीमाधारकों के हितों के मद्देनजर प्रबंधन पर अपना नियंत्रण जारी रखेगी. वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने राज्य सभा में एक सवाल के लिखित जवाब में बताया कि वित्त विधेयक 2021-22 में प्रतिस्पर्धात्मक आधार पर रिजर्वेशन प्रस्तावित किया गया है. एलआईसी के जीवन बीमा धारकों के लिए यह इश्यू साइज का 10 फीसदी तक होगा.
बजट भाषण 2021 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि 1 अप्रैल से शुरू हो रहे वित्त वर्ष 2021-22 में एलआईसी का आईपीओ लॉन्च किया जाएगा. एलआईसी संसोधन विधेयक को वित्त विधेयक यानी फाइनेंस बिल का हिस्सा बनाया गया है, जिससे कि आईपीओ के लिए जरूरी विधायी संसोधन किया जा सके. सरकार की योजना एलआईसी में अपनी 25 फीसदी हिस्सेदारी कम करने की है.
LIC का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) इस साल अक्टूबर के बाद आ सकता है. हाल ही में एक साक्षात्कार में डिपार्टमेंट आफ इन्वेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनजमेंट (DIPAM) सचिव तुहिन कांत पांडे ने यह संकेत दिए थे. उन्होंने कहा था कि सरकारी विमानन कंपनी एअर इंडिया और तेल कंपनी बीपीसीएल की बिक्री चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी इस साल सितंबर तक पूरी हो जाएगी. पिछले साल ही एलआईसी का आईपीओ आना था, लेकिन कुछ वजहों से इसमें देरी हुई. माना जा रहा है कि कोरोना वायरस महामारी की वजह से LIC का IPO आने में देरी हुई है.

