Kotak Mahindra Bank ने शनिवार को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। बैंक का स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ साल-दर-साल आधार पर 6.75 फीसदी बढ़ा है. दिसंबर 2023 को समाप्त तिमाही में बैंक की स्टैंडअलोन कुल आय में साल-दर-साल आधार पर 31 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। शनिवार को कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है।
तीसरी तिमाही में Kotak Mahindra Bank का एकल शुद्ध लाभ 4,264.78 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले की समान तिमाही के 3,995.05 करोड़ रुपये से 6.75 फीसदी ज्यादा है. चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बैंक का स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ 4,461.04 करोड़ रुपये था। यानी तिमाही-दर-तिमाही आधार पर बैंक के मुनाफे में गिरावट आई है। अक्टूबर से दिसंबर 2023 तिमाही में Kotak Mahindra Bank की स्टैंडअलोन कुल आय 24,083.15 करोड़ रुपये रही। यह एक साल पहले की समान अवधि के 18,371.64 करोड़ रुपये से 31 फीसदी ज्यादा है.
Kotak Mahindra Bank के शेयर शनिवार को बढ़त के साथ कारोबार करते देखे गए। शनिवार दोपहर नतीजे आने के बाद बीएसई पर बैंक के शेयर 2.99 फीसदी या 52.80 रुपये की तेजी के साथ 1818.55 रुपये पर कारोबार करते दिखे. फिलहाल बैंक का मार्केट कैप 3,60,510.44 करोड़ रुपये था. चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कोटक महिंद्रा बैंक की कुल आय 21,559.52 करोड़ रुपये रही। इस निजी बैंक की आय सालाना और तिमाही दोनों आधार पर बढ़ी है. चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कोटक महिंद्रा बैंक की स्टैंडअलोन शुद्ध ब्याज आय 14,494.96 करोड़ रुपये रही। दूसरी तिमाही में यह 13,716.56 करोड़ रुपये था. वहीं, एक साल पहले इसी अवधि में यह 11,011.29 करोड़ रुपये था. इसका मतलब है कि बैंक की शुद्ध ब्याज आय तिमाही और वार्षिक दोनों आधार पर बढ़ी है।

