नई दिल्ली: चाइनीज वीडियो शेयरिंग ऐप TikTok के चीफ एग्जिक्युटिव ऑफिसर (CEO) केविन मेयर ने इस्तीफा दे दिया है. Meyer ने तीन महीने के भीतर ही कंपनी छोड़ दी. उनकी जगह अमेरिक में कंपनी के जनरल मैनेजर वनीसा पपाज (Vanessa Pappas) को TikTok का अंतरिम सीईओ नियुक्त किया गया है.
राष्ट्रपति ट्रम्प की ओर से अमेरिका में TikTok के ट्रांजैक्शन बैन करने के एग्जिक्युटिव ऑर्डर पर दस्तखत करने के बाद कंपनी ने ट्रम्प प्रशासन के खिलाफ मुकदमा किया है. इस घटनाक्रम के बाद अब केविन मेयर में इस्तीफे का एलान किया है. ट्रम्प प्रशासन के नए एग्जिक्युटिव ऑर्डर में कहा गया है कि अगर TikTok को अमेरिका में बिजनेस जारी रखना है तो उन्हें 90 दिनों के अंदर इसे बेचना होगा और सभी मौजूदा डेटा को डिलीट करना होगा.
विगत 1 जून को टिकटॉक ज्वाइन करने से पहले केविन मेयर वॉल्ट डिज्नी के शीर्ष स्ट्रीमिंग एग्जीक्यूटिव थे. मेयर को TikTok की पैरेंट कंपनी बाइटडांस का चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर भी नियुक्त गया था. मेयर ने एक लेटर में लिखा, ”हाल के कुछ हफ्तों में बहुत तेजी से राजनीतिक घटनाक्रम बदले हैं. मैंने एक अहम कदम आवश्यक कॉरपोरेट स्ट्रक्चरल बदलावों के अनुरूप उठाया है.”
TikTok ने एक इमेल बयान में इस बात की पुष्टि की है कि बीते कुछ महीनों में बदले राजनीतिक माहौल से Meyer की भूमिका में अहम बदलाव हुए थे. बाइटडांस के संस्थापक और सीईओ झांग येमिंग ने एक अलग पत्र में कहा हैं कि कंपनी दुनियाभर में खासकर अमेरिका और भारत में इस मसले का जल्द से जल्द समाधान निकालने की कोशिश कर रही है.

