देश की जानी मानी कंपनी लार्सन एंड टुब्रो ने मंगलवार को अपने तिमाही नतीजों की घोषणा कर दी है। इन नतीजों के मुताबिक दिसंबर तिमाही के दौरान L&T के कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 15 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है। अक्टूबर से दिसंबर 2023 के दौरान L&T का शुद्ध लाभ 2,947 करोड़ रुपये था, जबकि इसके पिछले वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ 2,552.92 करोड़ रुपये था।
अक्टूबर से दिसंबर 2023 के दौरान L&T की कंसोलिडेटेड आय भी बढ़कर 55,965.57 करोड़ रुपये हो गई. इसकी तुलना में अक्टूबर से दिसंबर 2022 की अवधि के दौरान L&T की समेकित आय केवल 47,144.75 करोड़ रुपये थी। इस हिसाब से कंपनी की आय में सालाना आधार पर करीब 19 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। कंपनीने मंगलवार को रेगुलेटरी फाइलिंग में इन नतीजों की जानकारी दी है।
L&T के कुल राजस्व में अंतरराष्ट्रीय राजस्व की हिस्सेदारी 24,300 करोड़ रुपये यानी 44 फीसदी रही है. इसके अलावा L&T को दिसंबर तिमाही में ग्रुप लेवल पर 75,990 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले हैं, जो सालाना आधार पर 25 फीसदी की बढ़ोतरी दिखा रहा है. इनमें अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर का योगदान 50,562 करोड़ रुपये है, जो कुल ऑर्डर प्रवाह के 67 प्रतिशत के बराबर है। 31 दिसंबर तक कंपनी की कंसोलिडेटेड ऑर्डर बुक 469,807 करोड़ रुपये थी, जिसमें अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर की हिस्सेदारी 39 फीसदी है.

