रिलायंस जियो इन्फोकॉम ने वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जून 2024 को समाप्त तिमाही में कंपनी ने अपने स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट में 2.02 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है। इससे यह बढ़कर 5,445 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की आखिरी तिमाही में यह 5,337 करोड़ रुपये था।
मुकेश अंबानी के रिलायंस समूह की इस टेलीकॉम कंपनी का परिचालन से राजस्व पहली तिमाही में 2 फीसदी बढ़कर 26,478 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में यह 25,959 करोड़ रुपये था। सालाना आधार पर रिलायंस जियो ने पहली तिमाही में स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट में 12 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 4,863 करोड़ रुपये था। कंपनी के रेवेन्यू में भी सालाना आधार पर 10.1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 24,042 करोड़ रुपये था।
पहली तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन बढ़कर 26.7 फीसदी हो गया। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 26.2 फीसदी और पिछली तिमाही में 26.3 फीसदी था। इस टेलीकॉम कंपनी का कुल खर्च 1.84 फीसदी बढ़कर 19,266 करोड़ रुपये हो गया। पिछली तिमाही में ये खर्च 18,917 करोड़ रुपये थे। वहीं, एक साल पहले इसी तिमाही में यह 17,594 करोड़ रुपये थे। कंपनी की लाइसेंसिंग और स्पेक्ट्रम लागत 10.4 फीसदी बढ़कर 2,433 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 2,204 करोड़ रुपये थी। वहीं, पिछली तिमाही में यह 2,389 करोड़ रुपये थी।

