कार निर्माता कंपनी जीप ने अपनी एसयूवी कंपास के बीएस6 वर्जन को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया। लॉन्चिंग के साथ ही इस एसयूवी की कीमत की जानकारी भी सामने आ गई। हालांकि इस कार के बीएस4 मॉडल की तुलना में कंपास के बीएस6 वर्जन की कीमत में 89,000 रुपये से लेकर 1.38 लाख रुपये तक बढ़ा दी गई है।
नई बीएस6 जीप कंपास 1.4-लीटर टर्बो-पेट्रोल और 2.0-लीटर डीजल इंजन के साथ आती है। इसमें 6-स्पीड मैनुअल, 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक और 9-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स जैसे ऑप्शन दिए गए हैं।
मॉडल के हिसाब से इसके कीमत की बात करें तो दिल्ली में इसकी एक्स-शोरूम कीमत 16.49 लाख रुपये से शुरू होती है जो 24.99 लाख रुपये तक जाती है। इसके शुरुआती पेट्रोल वर्जन की कीमत में 89,000 रुपये की वृद्धि हुई है। वहीं इसके बीएस6 डीजल इंजन की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 17.99 लाख रुपये से शुरू होती है। और यह कीमत इसके पुराने बीएस4 मॉडल की तुलना में 1.38 लाख रुपये ज्यादा है।
जीप ने कंपास को बीएस6 में अपग्रेड करने के साथ ही इसके एंट्री-लेवल स्पोर्ट वैरिएंट को बंद भी कर दिया है। स्पोर्ट वैरिएंट के बंद होने के साथ ही अब स्पोर्ट प्लस वेरिएंट इस का बेस वेरिएंट या कहें शुरुआती मॉडल बन गया है। इसके अलावा कंपनी ने लॉन्गीट्यूड Longitude (O) और लिमिटेड Limited वेरिएंट को भी बंद कर दिया है। अब इस कार के स्पोर्ट प्लस, लॉन्गीट्यूड, लॉन्गीट्यूड प्लस और लिमिटेड प्लस वेरिएंट ही उपलब्ध हैं।

