भारतीय शेयर बाजार के लिए कल का दिन ऐतिहासिक रहा। बीएसई सेंसेक्स ने पहली बार 84,000 का आंकड़ा पार किया, वहीं निफ्टी ने भी पहली बार 25,800 अंक को पार किया। घरेलू शेयर बाजार के दोनों बेंचमार्क इंडेक्स ने अपना नया ऑल टाइम हाई बनाया और नए रिकॉर्ड स्तरों पर बंद हुए।
घरेलू शेयर बाजार में कल आई इस तेजी की वजह से निवेशकों की संपत्ति में कुल 6,25,334.9 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक कल बाजार बंद होने के बाद शेयर बाजार में लिस्टेड सभी कंपनियों का मार्केट कैप बढ़कर 47,278,138.28 करोड़ रुपये हो गया। गुरुवार को शेयर बाजार में लिस्टेड सभी 5484 कंपनियों का कुल मार्केट कैप 46,652,803.38 करोड़ रुपये था। देश की टॉप 10 कंपनियों के मार्केट कैप में कल 1,30,866.64 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
बीएसई के मुताबिक मार्केट एक्सचेंज पर लिस्टेड कुल 4059 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों में से 2383 कंपनियों के शेयर मुनाफे में और 1572 कंपनियों के शेयर घाटे में रहे। जबकि 104 कंपनियों के शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। हफ्ते के आखिरी दिन कुल 265 कंपनियों के शेयरों ने अपना नया 52 हफ्तों का हाई बनाया जबकि 45 कंपनियों के शेयर 52 हफ्तों के लो पर पहुंचे।

