आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इन्फोसिस ने चेक गणराज्य की कंपनी गाइडविजन का तीन करोड़ यूरो (260.4 करोड़ रुपये) में अधिग्रहण करने की घोषणा की है. इन्फोसिस ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा कि यह अधिग्रहण उसकी अनुषंगी की अनुषंगी इन्फी कंसल्टिंग कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा. इन्फोसिस ने बयान में कहा, ‘‘गाइडविजन की प्रशिक्षण अकादमी और चेक गणराज्य, हंगरी, पोलैंड में निकटवर्ती क्षमताओं व जर्मनी और फिनलैंड में उपस्थिति से उसकी यूरोप के अपने ग्राहकों के लिए ‘सर्विसनाउ’ क्षमता मजबूत हो सकेगी.’’
सर्विसनाउ एक एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर कंपनी है, जो क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म का विकास करती है, जिससे कंपनियों को डिजिटल कामकाज के प्रबंधन में मदद मिलती है. कंपनी ने कहा कि यह अधिग्रहण चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में पूरा होने की उम्मीद है.
रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, इन्फोसिस और गाइडविजन के सौदे की लागत 3 करोड़ यूरो तक होगी. इसमें अर्न आउट और बोनस शामिल हैं. कहा गया कि यह अधिग्रहण इन्फोसिस क्लाइंट्स की डिजिटल प्राथमिकताओं के लिए उचित क्षमताओं को निर्मित करने की कंपनी की यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है. यह कदम बढ़ते सर्विसनाउ इकोसिस्टम के लिए कंपनी की प्रतिबद्धता को दोहराता है और इन्फोसिस के क्लाउड सर्विसेज पोर्टफोलियो को बढ़ाता है. Infosys के प्रेसिडेंट रवि कुमार का कहना है कि गाइडविजन की यूरोप में स्केलेबल और कुशल निकटवर्ती क्षमताओं और बेमिसाल डिलीवरी अनुभव ग्लोबल एंटरप्राइजेज को आगे नेविगेट करने में मदद करने की हमारी कोशिशों को पूरा करते हैं.

