नई दिल्ली: कोरोना महामारी के कारण गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो ने अपने 10 फीसदी कर्मचारियों को निकालने का फैसला किया है। कंपनी के सीईओ रणजय दत्ता ने आज एक बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी इस समय गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रही है और अपना कारोबार जारी रखने के लिए उसे कुछ त्याग करना होगा। उन्होंने कहा कि सभी संभावित परिस्थितियों पर विचार करने के बाद यह साफ है कि हमें अपने 10 फीसदी कर्मचारियों को निकालना होगा।
इंडिगो के सीईओ ने कहा कि यह पहला मौका है जब कंपनी को ऐसी मुश्किल कदम उठाना पड़ रहा है। 31 मार्च, 2019 तक कंपनी के कुल 23,531 कर्मचारी थे। कोरोना महामारी और इससे जुड़े लॉकडाउन के कारण एविएशन सेक्टर बुरी तरह प्रभावित हुआ है। देश में करीब दो महीने तक उड़ानों का संचालन पूरी तरह बंद रहा। हालांकि 25 मई से सीमित संख्या में घरेलू उड़ानों की अनुमति दे दी गई। लेकिन इस पूरी तरह पटरी पर लौटने में अभी लंबा समय लगेगा।

