पिछले पांच कारोबारी सत्रों की लगातार तेज़ी और नए हाई बनाने के बाद शुक्रवार के भारतीय शेयर बाज़ार गिरावट के साथ खुले। मार्केट खुलने के साथ ही सारे बड़े इंडेक्सों में लाल निशान में कारोबार हो रहा है। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स में 258 अंक और निफ्टी 77 अंक की गिरावट है. निफ़्टी बैंक में बड़ी गिरावट नज़र आ रही है वहीँ निफ़्टी मिडकैप भी लाल निशान में कारोबार कर रहा है.
हफ्ते के आखरी कारोबारी सत्र में आज सुबह 9:30 बजे तक एनएसई पर 1,040 शेयर तेजी के साथ 836 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। लार्ज कैप शेयरों में गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है। हालांकि स्मॉल कैप में अभी तेजी बनी हुई है और ये हल्के हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। सेक्टर के हिसाब से देखें तो एनर्जी, इन्फ्रा,आईटी, मेटल, रियल्टी, फिन सर्विस और सर्विस सेक्टर के शेयरों में दबाव के साथ कारोबार हो रहा है। लेकिन, अभी भी ऑटो, पीएसयू बैंक, फार्मा और एफएमसीजी इंडेक्स हरे निशान में बने हुए हैं।
आईटीसी, बजाज फिनसर्व, सन फार्मा, टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, एचयूएल, एशियन पेंट, एचसीएल टेक, एलएंडटी, अल्ट्राटेक, भारती एयरटेल और टीसीएस के शेयरों में तेजी के साथ कारोबार हो रहा है। वहीं रिलायंस, टाइटन, इन्फोसिस, एसबीआई, कोटक महिंद्रा, पावर ग्रिड, इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, जेएसडब्लू स्टील, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, विप्रो, जेएसडब्लू स्टील, एमएंडएम, नेस्ले और एचडीएफसी बैंक में दबाव के साथ कारोबार हो रहा है।

