सेंसेक्स और निफ़्टी का नए शिखर छूना अब आम बात बनती जा रही है, सोमवार को दोनों इंडेक्सों ने फिर नए शिखर को छुआ. सेंसेक्स ने न सिर्फ 73000 अंकों को पहली बार पार किया बल्कि 73 हज़ार के ऊपर बंद भी हुआ. बाजार क्लोज होने के समय सेंसेक्स 759 अंक की बढ़त के साथ 73,327.94 पर बंद हुआ। निफ़्टी ने भी आज एक नया शिखर छुआ, निफ़्टी भी पहली बार आज 22000 के पार पहुंचा और बंद भी 22 हज़ार के पार ही हुआ. शेयर बाजार बंद होने के समय NSE इंडेक्स निफ्टी 202.90 अंक उछलकर 22,097 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाज़ार को आज नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने में आईटी इंडेक्स का बड़ा हाथ रहा जहाँ 680 अंक की तेज़ी रही वहीँ बैंक निफ़्टी भी इस उछाल का बड़ा भागीदार रहा और उसमें भी 448 अंकों की तेज़ी दर्ज हुई. शेयर बाजार आज सुबह तेज़ी में खुले मगर सुबह 10 बजे के करीब एक अल्पकालिक बिकवाली दिखी जो सेंसेक्स को 73000 और निफ़्टी को 22000 के नीचे ले गयी मगर जल्द ही दोनों इंडेक्स नए शिखर की तरफ बढ़ चले. बाजार में आज आईटी, ऑटो, FMCG, रियल्टी, फार्मा और एनर्जी शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। वहीँ मेटल और मीडिया शेयरों में गिरावट रही.
सेंसेक्स पैक में विप्रो, एचसीएल टेक, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, मारुति सुजुकी, रिलायंस, इंडसइंड बैंक, एसन फार्मा, आईसीआईसीआई बैंक, सबीआई, टाइटन, पावर ग्रिड, कोटक महिंद्रा, टीसीएस, एमएंडएम, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचयूएल, आईटीसी के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीँ बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, एलएंडटी, एशियन पेंट्स, टाटा मोटर्स, नेस्ले और एक्सिस बैंक में गिरावट रही.
एशियाई बाजारों में टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, ताइपे, सियोल के बाजार तेजी के साथ बंद हुए। वहीं, जकार्ता और बैंकॉक के बाजार मंदी के साथ बंद हुए। शुक्रवार के कारोबारी सत्र में अमेरिकी बाजार भी मिलेजुले बंद हुए.

