भारतीय भुगतान सिस्टम यूपीआई अब पड़ोसी देश नेपाल में भी काम करेगा। इसे लेकर गुरुवार को दोनों देशों के केंद्रीय बैंकों ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. इसके बाद भारत का यूनिफाइड पेमेंट सिस्टम (UPI) और नेपाल का नेशनल पेमेंट इंटरफेस (NPI) एक साथ काम करेंगे। यूपीआई और एनपीआई के लिंक होने से अब आसानी से सीमा पार पैसा भेजा जा सकता है। इससे फंड भी जल्दी ट्रांसफर हो जाएगा और लागत भी पहले से कम होगी.
RBI की ओर से जारी बयान में कहा गया कि भारतीय रिजर्व बैंक और नेपाल राष्ट्र बैंक ने वित्तीय कनेक्टिविटी को बढ़ाते हुए यूपीआई और एनपीआई को जोड़ने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे वित्तीय कनेक्टिविटी बढ़ेगी और दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध मजबूत होंगे।
केंद्रीय बैंक ने आगे कहा कि इस समझौते के बाद यूपीआई और एनपीआई के बीच एक जरूरी सिस्टम स्थापित हो जाएगा. यूपीआई को नेपाल में आधिकारिक तौर पर कुछ ही दिनों में लॉन्च कर दिया जाएगा.
यूपीआई तेजी से भारत समेत दुनिया का पेमेंट सिस्टम बनता जा रहा है। UPI को जनवरी में फ्रांस में लॉन्च किया गया था। इसके साथ ही भारतीय पर्यटक अब पेरिस के मशहूर एफिल टावर के लिए भी आसानी से टिकट खरीद सकेंगे।
UPI एक भारतीय भुगतान प्रणाली है। इसे सरकारी कंपनी एनपीसीआई ने विकसित किया है। इसकी खास बात यह है कि पेमेंट करने के लिए ओटीपी की जरूरत नहीं पड़ती है, सिर्फ पिन डालकर भुगतानकिया जा सकता है।

