नयी दिल्ली: निजी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) का एकल शुद्ध लाभ 36 प्रतिशत बढ़कर 2,599 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में बैंक ने 1,908 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।
शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बैंक ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 26,066 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 21,405.50 करोड़ रुपये थी। एकीकृत आधार पर अप्रैल- जून 2020 तिमाही के दौरान बैंक का शुद्ध लाभ 24 प्रतिशत बढ़कर 3,117.68 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,513.69 करोड़ रुपये रहा था।
तिमाही के दौरान बैंक की एकीकृत आय बढ़कर 37,939.32 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष इसी तिमाही में 33,868.89 करोड़ रुपये रही थी। तिमाही के दौरान बैंक ने आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी लि. के 3.96 प्रतिशत तथा आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के 1.50 प्रतिशत शेयर कुल 3,092.93 करोड़ रुपये में बेचे। इस बिक्री से (बिक्री आधारित खर्च के बाद) बैंक को एकल वित्तीय नतीजों में 3,036.29 करोड़ रुपये तथा एकीकृत नतीजों में 2,715.87 करोड़ रुपये का शुद्ध प्राप्ति हुई।

