नई दिल्ली: कोरोना काल में जहां अधिकतर कंपनियों ने अपने कर्मचारियों के वेतन में कटौती की है वहीं देश के दूसरे सबसे बड़े निजी बैंक आईसीआईसीआई ने अपने 80 हजार फ्रंटलाइन कर्मचारियों की सैलरी 8 फीसदी तक बढ़ाने का फैसला किया है। इन कर्मचारियों को कोरोना काल में काम करने का इनाम दिया गया है। ये कर्मचारी बैंक में काम करने वाले कुल कर्मचारियों की संख्या का 80 फीसदी से अधिक हैं। सूत्रों के मुताबिक इन कर्मचारियों को कोरोना काल में अपनी सेवाएं देने के लिए यह इनाम दिया गया है।
उनके वेतन में यह बढ़ोतरी वित्त वर्ष 2020-21 के लिए की गई है और जुलाई से लागू होगी। इस बारे में बैंक को भेजे गए ई मेल को कोई जवाब नहीं आया। सूत्रों ने कहा कि वेतन में बढ़ोतरी पाने वाले कर्मचारी एम1 और उससे नीचे के ग्रेड के हैं। इनमें अधिकांश फ्रंटलाइन कर्मचारी हैं जिनका सीधे ग्राहकों से वास्ता पड़ता है। ये वही कर्मचारी हैं जो बैंक की शाखाओं और दूसरे ऑपरेशंस को सुनिश्चित करते हैं।

