निवेश की बात करें तो सबसे पहला विचार बैंक एफडी का आता है, जिसके तहत एकमुश्त रकम एक तय समय अवधि के लिए जमा की जाती है। लेकिन कई लोग ऐसे भी हैं जो मासिक निवेश का विकल्प तलाशते हैं। ऐसे लोगों के लिए आवर्ती जमा सबसे सुरक्षित निवेश माना जाता है। इसमें जोखिम बहुत कम या बिलकुल नहीं होता। आप जो भी पैसा जमा करते हैं, वह सुरक्षित रहता है और समय के साथ आपको अच्छा रिटर्न भी मिलता है।
आवर्ती जमा यानि आरडी में निवेश करना इतना आसान है कि कोई भी व्यक्ति खाता खोलकर पैसा जमा कर सकता है और मैच्योरिटी पर पैसा निकाल सकता है। आरडी बचत का ऐसा जरिया है जिसमें पैसे बचाने के साथ-साथ बंपर रिटर्न पाने का मौका भी मिलता है। आरडी की अवधि बीतने के साथ-साथ खाते में पैसे जुड़ते रहते हैं।
आप आरडी का पैसा ऑनलाइन जमा और निकाल सकते हैं। इन सभी सुविधाओं के बावजूद कुछ शर्तें हैं जिनका ध्यान रखना चाहिए। जब भी आरडी खाता खोलें तो ध्यान रखें कि किस्त जमा करने की तारीख सोच-समझकर तय करें। आरडी की अवधि सावधानी से चुनें। ये दोनों शर्तें ऐसी हैं जिनमें बाद में बदलाव की कोई गुंजाइश नहीं है। एक बार आरडी खाता खुल जाने के बाद इसकी अवधि और किस्त जमा करने की तारीख बाद में नहीं बदली जा सकती। अगर किस्त की तारीख या अवधि बदलना बहुत जरूरी है तो आपको आरडी खाता बंद करना होगा। आपको समय से पहले आरडी खाता बंद करके नया खाता खोलना होगा। समय से पहले खाता बंद करने पर आपको जुर्माना देना होगा।

