दिल्ली और उसके आसपास के शहरों में मकानों की कीमतों में 2019 से अब तक 137 फीसदी का इजाफा हुआ है। शुक्रवार को जारी ऑनलाइन रियल एस्टेट डेटा और विश्लेषण प्लेटफॉर्म प्रॉपइक्विटी की रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 से सितंबर 2024 के बीच नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में मकानों की कीमतें दोगुनी से ज्यादा हो गई हैं। आंकड़ों के मुताबिक, नोएडा में सबसे ज्यादा 152 फीसदी (5,910 रुपये प्रति वर्ग फुट से 14,946 रुपये प्रति वर्ग फुट) की बढ़ोतरी हुई।
इसके बाद गाजियाबाद में 139 फीसदी (3,691 रुपये प्रति वर्ग फीट से 8,823 रुपये प्रति वर्ग फीट), गुरुग्राम में 135 फीसदी (2019 में 8,299 रुपये प्रति वर्ग फीट से 2024 में 19,535 रुपये प्रति वर्ग फीट) और ग्रेटर नोएडा में 121 फीसदी (3,900 रुपये प्रति वर्ग फीट से 8,601 रुपये प्रति वर्ग फीट) की वृद्धि हुई। रिपोर्ट के अनुसार, आपूर्ति के मामले में नोएडा में 41 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जबकि गुरुग्राम में 222 फीसदी की भारी वृद्धि देखी गई। गाजियाबाद में 14 फीसदी और ग्रेटर नोएडा में 36 फीसदी की वृद्धि देखी गई।
प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी फर्म इंफामंत्रा के मुताबिक पिछले कुछ सालों में एनसीआर में सभी पहलुओं में असाधारण बदलाव देखने को मिले हैं। रियल एस्टेट में उछाल से स्पष्ट है कि नोएडा, गुड़गांव और गाजियाबाद के आसपास के नए छोटे बाजार भी गुलजार हो रहे हैं और घर खरीदारों के बीच दिलचस्पी पैदा कर रहे हैं।” रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि खाली घरों की संख्या में लगातार कमी आ रही है।

