जनवरी-मार्च 2024 के दौरान देश के सात बड़े शहरों में घरों की बिक्री में 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मुंबई मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र (MMR), पुणे, बेंगलुरु और हैदराबाद में आवासीय संपत्ति की बिक्री बढ़ी, हालांकि दिल्ली-NCR में गिरावट आई। रियल एस्टेट सलाहकार एनारॉक के मुताबिक इस साल जनवरी-मार्च तिमाही में सात प्रमुख शहरों में आवासीय बिक्री 14 प्रतिशत बढ़कर 1,30,170 इकाई हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 1,13,775 इकाई थी।
एनारॉक के चेयरमैन अनुज पुरी के मुताबिक 1.5 करोड़ रुपये और उससे अधिक कीमत वाले महंगे घरों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, ये वृद्धि पिछले दशक में किसी तिमाही में अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की गई है। जनवरी-मार्च के दौरान MMR में आवासीय बिक्री 24 प्रतिशत बढ़कर 42,920 इकाई हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 34,690 इकाई थी। पुणे में आवासीय बिक्री 15 प्रतिशत बढ़कर 19,920 इकाइयों से 22,990 इकाई हो गई। हैदराबाद में आवासीय बिक्री 14,280 इकाइयों से 38 प्रतिशत बढ़कर 19,660 इकाई हो गई। बेंगलुरु में यह 14 फीसदी बढ़कर 15,660 यूनिट से 17,790 यूनिट हो गई.
हालांकि, दिल्ली-NCR में आवासीय बिक्री नौ प्रतिशत घटकर 17,160 इकाई से 15,650 इकाई रह गई। कोलकाता में आवासीय बिक्री भी नौ प्रतिशत घटकर 6,185 इकाइयों से 5,650 इकाई रह गई और चेन्नई में बिक्री छह प्रतिशत घटकर 5,510 इकाई रह गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 5,880 इकाई थी।

