सेंसेक्स की टॉप-10 सबसे कीमती कंपनियों में से पांच के मार्केट कैप में पिछले हफ्ते कुल 1,67,936.21 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे ज़्यादा नुकसान देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक एचडीएफसी बैंक को हुआ। बीते हफ्ते में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय स्टेट बैंक के मार्केट कैप में गिरावट आई। वहीं आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, भारतीय जीवन बीमा निगम और आईटीसी का बाजार मूल्यांकन बढ़ गया।
बीते सप्ताह HDFC Bank का मार्किट कैप 1,22,163.07 करोड़ रुपये घटकर 11,22,662.76 करोड़ रुपये रह गया। HDFC Bank का शेयर इस दौरान 12 प्रतिशत टूटा। बैंक के दिसंबर तिमाही के नतीजे बाजार उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहे। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 8,199.35 करोड़ रुपये गिरकर 18,35,665.82 करोड़ रुपये रह गया। HUL का मार्केट कैप 17,845.15 करोड़ रुपये घटकर 5,80,184.57 करोड़ रुपये पर और TCS का बाजार पूंजीकरण 7,720.6 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 14,12,613.37 करोड़ रुपये पर आ गया। भारतीय स्टेट बैंक का मार्केट कैप 2,008.04 करोड़ रुपये घटकर 5,63,589.24 करोड़ रुपये रह गया।
वहीँ एलआईसी का मूल्यांकन 67,456.1 करोड़ रुपये चढ़कर 5,92,019.78 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एलआईसी बुधवार को मार्केट कैप के हिसाब से स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया को पीछे छोड़कर देश की सबसे मूल्यवान सरकारी कंपनी बन गई। भारती एयरटेल ने सप्ताह के दौरान 26,380.94 करोड़ रुपये अपने पर्स में जोड़े, इन्फोसिस का मार्किट कैप 15,170.75 करोड़ रुपये बढ़कर 6,84,305.90 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक की 3,163.72 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 7,07,373.79 करोड़ रुपये हो गया। आईटीसी का मूल्यांकन 2,058.48 करोड़ रुपये बढ़कर 5,84,170.38 करोड़ रुपये हो गया।

