नया साल आने और पुराना साल जाने में अब कुछ ही दिन बचे हैं ऐसे में 31 दिसंबर कई अहम वित्तीय कार्यों की डेडलाइन भी है, तो इस डेडलाइन के गुजरने से पहले आपको कई अहम काम निपटाने ज़रूरी होंगे, इसलिए डेडलाइन के अंदर ही उन कामों को आप निपटा लें वरना अगले वर्ष के शुरू होते है आपकी समस्याएं भी शुरू हो सकती हैं. 31 दिसंबर से पहले डीमैट अकाउंट में नॉमिनी का रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है। अगर आप समय पर नामांकन दाखिल नहीं करते हैं तो आपके खाते में धनराशि रुक सकती है और आपको धनराशि निकालने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए शेयर बाज़ार से जुड़े लोग फ़ौरन इस काम को निपटा लें.
लेट इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने की आखिरी तारीख भी 31 दिसंबर 2023 है। अगर किसी कारणवश आप आईटी रिटर्न जमा नहीं कर पाए थे तो इस तारीख तक आप लेट फीस के साथ आसानी से रिटर्न जमा कर सकते हैं। अगर 31 दिसंबर तक आप रिटर्न दाखिल नहीं करते हैं तो आयकर विभाग आपके खिलाफ कार्रवाई कर सकता है। रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने सभी बैंकों को नए लॉकर एग्रीमेंट करने के लिए 31 दिसंबर 2023 तक का समय दिया है, ऐसे में अगर आपके पास भी किसी बैंक में कोई लॉकर है तो इस 31 दिसंबर तक नए लॉकर एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर ज़रूर कर लें। ऐसा नहीं करने पर आपको अपना लॉकर बंद करना भी पड़ सकता है।
यूपीआई नेटवर्क चलाने वाली सरकारी एजेंसी नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया यानि NPCI ने उन यूपीआई आईडी को बंद करने का फैसला किया है जिनका एक साल से ज्यादा समय से इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। अगर आप भी ऐसे यूपीआई आईडी का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं तो फौरन उसे एक्टिव कीजिये वर्ना 1 जनवरी से ऐसी सभी यूपीआई आईडी निष्क्रिय हो जाएंगी।

