बुधवार के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. बाजार के सभी सूचकांक लगभग हरे निशान में बंद हुए. सेंसेक्स 689 अंक की तेजी के साथ 71,060 अंक पर और निफ्टी 215 अंक उछाल के साथ 21,453 अंक पर बंद हुआ. बाजार में आज स्मॉल कैप, मिड कैप और लार्ज कैप तीनों तरह के शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 307 अंक या 2.35 फीसदी ऊपर 13,356 अंक पर और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 853 अंक या 1.83 फीसदी ऊपर 47,423 अंक पर बंद हुआ. दिन के कारोबार के दौरान ऑटो, आईटी, पीएसयू बैंक, फिन सर्विस, फार्मा, एफएमसीजी, मेटल, रियल्टी, मीडिया, एनर्जी और इंफ्रा शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली।
सेंसेक्स पैक में बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड, टाटा स्टील, एनटीपीसी, एचयूएल, जेएसडब्ल्यू स्टील, एमएंडएम, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा, एसबीआई, भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट, नेस्ले, एलएंडटी, इंफोसिस, आईटीसी, विप्रो , टाटा मोटर्स, रिलायंस और मारुति सुजुकी के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, टीसीएस, कोटक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, टाइटन और सन फार्मा के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
एशिया के ज्यादातर बाजार तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक और ताइपे के बाजार हरे निशान में बंद हुए। वहीं, सियोल और जकार्ता के बाजार लाल निशान में बंद हुए। मंगलवार को अमेरिकी बाजार लाल निशान में बंद हुए. कमोडिटी बाजार की बात करें तो कच्चे तेल का बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड मामूली बढ़त के साथ 79 डॉलर प्रति बैरल पर है और डब्ल्यूटीआई क्रूड 74 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है।

