नई दिल्ली: कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच भी देशभर में खाद्यान्न की आपूर्ति सुनिश्चित करने में रात दिन काम में जुटे भारतीय खाद्य निगम (FCI) के 80 हजार मजदूर सहित कुल 1,08714 कर्मियों और अधिकारियों को सरकार ने जीवन बीमा कवर देने का फैसला किया है। इससे पहले पेट्रोलियम कंपनियों की तरफ से ऐलान किया गया था कि घरेलू गैस सिलिंडर डिलिवरी ब्वॉय को अगर कोरोना से कुछ हो जाता है तो पेट्रोलियम कंपनी की तरफ से पांच लाख रुपये की मदद दी जाएगी।
फिलहाल FCI के कर्मचारियों को आतंकवादी हमले, बम ब्लास्ट, भीड़ के हमले या अन्य प्राकृतिक आपदा में मौत होने पर, उनके परिजनों को मुआवजे का प्रावधान है, लेकिन इसमें इसके नियमित और अनुबंधित कर्मचारी शामिल नहीं हैं। इसको देखते हुए सरकार ने फैसला किया है कि कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे के बीच काम कर रहे सभी कर्मियों और मजदूरों को जीवन बीमा सुरक्षा मुहैय्या कराई जाए।

