नई दिल्ली। अमेरिकी तकनीकी दिग्गज कंपनी गूगल टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया में हिस्सेदारी खरीद सकती है। गूगल वोडाफोन आइडिया, जो पिछले काफी समय से संकट से गुजर रही है, में 5 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने पर विचार कर रही है। हालांकि अभी ये प्रोसेस शुरुआती चरण में है। बता दें कि गूगल की पैरेंट अल्फाबेट ने जियो में हिस्सेदारी हासिल करने को लेकर बातचीत की, लेकिन सौदा हासिल करने में अपने प्रतिद्वंद्वी यानी फेसबुक से पिछड़ गई। मगर अब ये बजाय जियो के वोडाफोन में हिस्सा खरीदने पर ध्यान दे रही है। बता दें कि वोडाफोन आइडिया के अलावा गूगल भारत में और भी कंपनियों में निवेश कर सकती है।
फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार वोडाफोन ने इस खबर को अटकल करार दिया है। बता दें कि पिछले महीने फेसबुक रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल इकाई जियो में 9.99 फीसदी हिस्सेदारी के लिए 43,574 करोड़ रु का निवेश करने को तैयार हुई थी। जियो का भारत में मुकाबला वोडाफोन आइडिया और भारती एयरटेल से ही होता है। इसके बाद जियो ने सिल्वर लेक, विस्टा इक्विटी पार्टनर्स, जनरल अटलांटिक और केकेआर से भी निवेश हासिल किया। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार अबू धाबी का स्टेट फंड भी जियो में संभावित निवेश के लिए रिलायंस के साथ बातचीत कर रहा है।

