सोमवार को सोने की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिला। 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने की कीमत 2126 रुपये बढ़कर 68,960 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है. इससे पहले 28 मार्च को सोना 66,834 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। यह जानकारी इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA ) की वेबसाइट पर दी गई।
IBJA वेबसाइट के मुताबिक प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत 68960 रुपये दर्ज की गई. इससे पहले सोने का अधिकतम रेट 68,000 रुपये के आसपास दर्ज किया गया था. वहीं, पिछले कुछ हफ्तों से सोना 66 हजार से 68 हजार के बीच कारोबार कर रहा था।
IBJA वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, 22 कैरेट सोने की कीमत 67,310 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। वहीं 20 कैरेट सोने की कीमत 61,380 रुपये प्रति 10 ग्राम, 18 कैरेट सोने की कीमत 55,860 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सोने और चांदी में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है जहाँ बुलियन बाजार में सोने की कीमत 1.77 फीसदी बढ़कर 2,278 रुपये प्रति औंस और चांदी की कीमत 1.31 फीसदी बढ़कर 25.24 डॉलर प्रति औंस हो गई है. सोने और चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी यूएस फेड द्वारा ब्याज दरों में कटौती के संकेत के बाद हुई है।
सोने-चांदी की कीमतों में तेजी का असर वायदा कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है। दोपहर 2 बजे तक 05 जून 2024 वाले सोने का कॉन्ट्रैक्ट 1.58 फीसदी की बढ़त के साथ 68,770 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था और 03 मई 2024 वाले चांदी का कॉन्ट्रैक्ट 1.02 फीसदी की बढ़त के साथ 75,817 रुपये प्रति किलो पर था.

