सोने की अंतरराष्ट्रीय कीमत 2,100 डॉलर के स्तर को पार कर अब तक के उच्चतम स्तर 2,146 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई हैं जिसके चलते भारत में सोने की कीमतों में इस समय जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। वैश्विक स्तर पर इस पीली धातु की कीमतों में आई तेजी का असर इंडियन बुलियन मार्केट पर भी देखने को मिल रहा है। वायदा बाज़ार MCX पर फरवरी 2024 की एक्सपायरी वाले 24 कैरेट सोने का रेट 64,000 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है. यह पहली बार है जब एमसीएक्स पर सोने का भाव 64,000 के स्तर पर देखा गया है।
सोने में आयी इस तेजी की वजह अमेरिकी सेंट्रल बैंक द्वारा ब्याज दरों में कटौती के संकेतों को बताया जा रहा है। फेड के एक शीर्ष अधिकारी के हालिया बयान के बाद बाजार को ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद है. इसके अलावा दुनिया की छह करेंसियों के मुकाबले डॉलर इंडेक्स में कमजोरी को भी सोने में तेजी की वजह माना जा रहा है। डॉलर इंडेक्स 103 के आसपास ट्रेड कर रहा है जो एक महीने पहले 105 के ऊपर ट्रेड कर रहा था। माना जाता है कि जब भी डॉलर इंडेक्स कमजोर होता है तो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमतें बढ़ जाती हैं।
वेबसाइट गुड रिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट सोने का हाजिर भाव 64,200 रुपये प्रति 10 ग्राम है. इससे पहले सत्र में यह भाव 63,760 रुपये प्रति 10 ग्राम था. 22 कैरेट सोने की कीमत 58,850 रुपये और 18 कैरेट गोल्ड की कीमत 48,150 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है.
देश के चार बड़े शहरों में सोने के हाज़िर भाव इस तरह हैं. (24 कैरेट प्रति 10 ग्राम)
दिल्ली- 64,350 रुपये
मुंबई- 64,200 रुपये
चेन्नई- 65,180 रुपये
कोलकाता- 64,200 रुपये
