सोने और चांदी में तूफानी तेजी जारी है. दोनों ही मेटल रोजाना बेसिस पर नए हाई पर पहुंच रहे हैं. 27 जुलाई यानी सोमवार के कारोबार में सोना 52 हजार का स्तर पार कर गया. सोना अभी 52220 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है जो इसके लिए आलटाइम हाई है. वहीं, चांदी भी 66164 के स्तर पर पहुंच गया. चांदी में करीब 8 साल बाद यह भाव देखने को मिला है. एक्सपर्ट का कहना है कि कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों और जियो पॉलिटिकल टेंशन के बीच सोने और चांदी में सेफ हैवन इन्वेस्टमेंट के रूप में जमकर निवेश हो रहा है. वहीं अनालॉक के बाद इंडस्ट्रियल डिमांड बढ़ने से भी चांदी को सपोर्ट मिल रहा है.
चांदी 1 जनवरी के आस पास 47666 रुपये प्रति किलो पर थी, जो अभी 66164 रुपये प्रति किलो के आस पास आ गई है. यानी इस साल अबतक चांदी में 18498 रुपये प्रति किलो या 39 फीसदी की तेजी आई है.
वहीं, सोने की बात करें तो 31 दिसंबर 2019 को सोने का भाव एमसीएक्स पर 39108 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, 27 जुलाई 2020 को सोना 52220 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. यानी हर 10 ग्राम पर 13112 रुपये या करीब 34 फीसदी रिटर्न मिला है.

