नई दिल्ली: सोने की कीमतों ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है. बीते 16 सत्रों से जारी तेजी की बदौलत घरेलू सराफा बाजार में सोना शुक्रवार को आखिरकार 57 हजारी हो गया. हाजिर बाजार में भाव 57,008 रुपये प्रति दस ग्राम दर्ज किए गए. सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी तेजी का रुख रहा. चांदी के भाव 576 रुपये की उछाल के साथ 77,840 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गए.
गुरुवार के कारोबार के आखिर में चांदी के भाव 77,264 रुपये प्रति किलो पर थे. जबकि सोने की कीमत सत्र की समाप्ति तक 57,003 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए थे. हालांकि, हाजिर बाजार में सत्र में भाव 56,590 रुपये प्रति दस ग्राम पर दर्ज किए गए थे. एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार सोने और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर हैं.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी के हाजिर भाव में हालांकि थोड़ी नरमी देखी गई. सोने के भाव 2,061 डॉलर प्रति औंस रहे, जबकि चांदी 28.36 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज की गई.
एचडीएफसी सिक्युरिटीज के सीनियर एनॉलिस्ट (कमोडिटी) तपन पटेल का कहना है, ”दिल्ली में 24 कैरेट सोना हाजिर भाव 6 रुपये की बढ़त लेकर नई ऊंचाई पर पहुंच गया. देश में लगातार 16वें दिन सोने की कीमतों में तेजी रही.”

