विदेशी निवेशकों ने महीने के पहले सप्ताह में घरेलू शेयर बाजारों में करीब 11,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) जून से लगातार इक्विटी खरीद रहे हैं। इससे पहले उन्होंने अप्रैल-मई में 34,252 करोड़ रुपये की रकम निकाली थी। बाजार के विशेषज्ञों के मुताबिक हालिया निवेश आशाजनक हैं और भारत की मजबूत वृहद आर्थिक स्थिति के कारण यह जारी रह सकता है।
आंकड़ों के मुताबिक, एफपीआई ने इस महीने (6 सितंबर तक) शेयरों में 10,978 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल की टिप्पणियों के बाद धारणा में सुधार आने पर एफपीआई भारतीय इक्विटी बाजारों में निवेश कर रहे हैं। इस सप्ताह शुद्ध प्रवाह का श्रेय अमेरिका में ब्याज दर में कटौती चक्र के जल्द शुरू होने की बढ़ी संभावनाओं को दिया जा सकता है। इसे भारत की आर्थिक वृद्धि की बेहतर संभावनाओं को भी जिम्मेदार ठहराया जा सकता है।
बाजार के जानकारों का कहना है कि यह विदेशी निवेशकों की भारतीय इक्विटी बाजारों द्वारा पेश किए गए अवसरों का लाभ उठाने की उत्सुकता को दर्शाता है, साथ ही, एफआईआई निवेश के लिए प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से नियामक सुधारों की एक श्रृंखला ने निवेशक धारणा को और बढ़ावा दिया है। अमेरिका में 10 साल के बॉन्ड पर प्रतिफल में गिरावट के कारण भारत जैसे उभरते बाजारों में एफपीआई प्रवाह के लिए यह सकारात्मक है। अगर आने वाले दिनों में अमेरिकी विकास को लेकर चिंताएं वैश्विक इक्विटी बाजारों को प्रभावित करती हैं, तो एफपीआई इस अवसर का उपयोग भारत में खरीदारी के लिए कर सकते हैं।

