लोकसभा चुनाव के नतीजों पर अनिश्चितता और चीनी बाजारों के बेहतर प्रदर्शन के कारण विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने इस महीने अब तक भारतीय शेयरों से 22,000 करोड़ रुपये की भारी निकासी की है. इससे पहले, मॉरीशस के साथ भारत की कर संधि में बदलाव और अमेरिका में बांड पैदावार में जारी वृद्धि पर चिंताओं के बीच एफपीआई ने अप्रैल में शेयरों से 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की निकासी की थी। वहीं, एफपीआई ने मार्च में शेयरों में 35,098 करोड़ रुपये और फरवरी में 1,539 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया था।
आगे चलकर जैसे-जैसे चुनावी मोर्चे पर चीजें साफ होंगी, भारतीय बाजार में एफपीआई की खरीदारी बढ़ेगी। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार का कहना है कि एफपीआई द्वारा खरीदारी की प्रक्रिया चुनाव नतीजों से पहले भी शुरू हो सकती है। डिपॉजिटरी डेटा के मुताबिक, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने इस महीने (24 मई तक) शेयरों से शुद्ध रूप से 22,047 करोड़ रुपये निकाले हैं।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा भारत में आम चुनाव के कारण भी एफपीआई बिकवाली कर रहे हैं. मॉर्निंगस्टार इंडिया के एसोसिएट डायरेक्टर-मैनेजर रिसर्च, हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा, ”आम चुनाव के नतीजों को लेकर अनिश्चितता के बीच विदेशी निवेशक फिलहाल भारतीय शेयर बाजारों में प्रवेश करने से कतरा रहे हैं। वे इसके लिए चुनाव नतीजों का इंतजार कर रहे हैं.” समीक्षाधीन अवधि के दौरान एफपीआई ने ऋण या बांड बाजार में 2,009 करोड़ रुपये का निवेश किया है.

