नई दिल्ली: अगले महीने से दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरना महंगा होने वाला है। एरपोर्ट इकनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी (AERA) ने दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) को 1 फरवरी से अतिरिक्त चार्ज लगाने को मंजूरी दे दी है। 1 फरवरी से लेकर 31 मार्च तक दिल्ली से बाहर उड़ान भरने वालों को इस नई व्यवस्था के तहत 65.98 रुपये के साथ तमाम टैक्स चुकाने होंगे।
अप्रैल 2021 से इस चार्ज में कटौती होगी, जिसके बाद वित्त वर्ष 2021-22 के लिए ये चार्ज 53 रुपये, वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 52.56 रुपये और वित्त वर्ष 2023-24 के लिए ये चार्ज 51.97 रुपये होगा। सूत्रों की मानें तो एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अभी दिल्ली एयरपोर्ट की उस मांग को नहीं माना है, जिसमें कहा गया था दिल्ली से बाहर जाने वाली घरेलू उड़ान के लिए 200 रुपये और विदेशी उड़ान पर 300 रुपये का चार्ज लगाया जाना चाहिए।

